सांकेतिक तस्वीर 
झारखंड

चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट

झारखंड के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना

Santosh Sharma

रांची : चक्रवात ‘अकवान’ के शुक्रवार दोपहर को उत्तरी आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने का पूर्नुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि इसके प्रभाव से झारखंड के कुछ हिस्सों में दो से तीन दिनों तक भारी बारिश हो सकती है।

अधिकारी ने बताया कि इस मौसम प्रणाली का असर राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों में बृहस्पतिवार शाम से ही महसूस किया जा सकता है। इस दौरान रुक-रुककर हल्की बारिश होने की आशंका है।

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया, शुक्रवार को झारखंड के 11 जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट (जिसे बाद में अद्यतन किया जाएगा) जारी किया गया है। शनिवार को भी आठ जिलों के लिए यही अलर्ट जारी किया गया है।

शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे से अगले 24 घंटे के दौरान जिन जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है, उनमें लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, रांची, खूंटी, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम शामिल हैं।

मौसम विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, 21 और 22 नवंबर को गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में भी भारी बारिश होने की संभावना है।

आनंद ने बताया कि रविवार से बारिश की तीव्रता कम हो जाएगी और 23 नवंबर से झारखंड में आसमान साफ ​​रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने गुरुवार शाम से गरज-चमक के साथ बारिश होने, तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है।

बुलेटिन में कहा गया है कि इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है जबकि न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है।

SCROLL FOR NEXT