अभिजीत दीपके व अन्य 
झारखंड

झारखंड छात्र आंदोलन के समर्थन में उतरे अभिजीत दीपके

दीपके बोले- युवाओं का संघर्ष न्यायपालिका, राजनीति और मीडिया में जवाबदेही की मांग का राष्ट्रीय दबाव समूह बनेगा

छत्रपति संभाजीनगर / रांची : कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के लिए समर्थन की घोषणा करते हुए बुधवार को कहा कि युवाओं का आंदोलन संस्थागत जवाबदेही की मांग के लिए एक ‘दबाव समूह’ के रूप में काम करेगा।

दीपके ने महाराष्ट्र के अपने गृहनगर छत्रपति संभाजीनगर में कॉजपा की कोर टीम की बैठक से पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कॉजपा के सदस्य झारखंड जाएंगे और नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों का समर्थन करेंगे, जो 29 जुलाई से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं।

दीपके ने कहा, लोगों का न्यायपालिका, राजनीति, मीडिया और निर्वाचन आयोग से विश्वास उठ गया है। हमारे आंदोलन को देशभर से समर्थन मिला। जैसे-जैसे आंदोलन बढ़ा, यह केवल शिक्षा के मुद्दों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इन संस्थानों से भी जुड़ गया। इसलिए इन संस्थानों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए एक जन दबाव समूह की जरूरत है।

झारखंड में बड़ी संख्या में नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थी प्रदर्शन कर रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) तथा अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच राज्य के बाहर के उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की एक स्वतंत्र समिति से कराई जाए।

झारखंड में प्रदर्शन को समर्थन देने के बारे में दीपके ने कहा, हम निश्चित रूप से झारखंड जाएंगे, हम उनके साथ खड़े रहेंगे और आंदोलन में उनकी हर मांग का समर्थन करेंगे। दीपके ने कहा कि मीडिया इस कॉजपा से अधिक उत्साहित नजर आ रहा है।

उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि राजनीतिक दलों की स्थिति ‘बहुत खराब’ है क्योंकि लोग सुबह एक पक्ष को वोट देते हैं, लेकिन शाम तक किसी और की सरकार बन जाती है। दीपके ने कहा, फिलहाल कॉजपा एक दबाव समूह के रूप में काम करेगा, क्योंकि अभी भारत को एक दबाव समूह की जरूरत है।

कॉजपा की कोर टीम की बैठक के बारे में दीपके ने कहा, नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन को देशभर में प्रतिक्रिया मिली। हम पर जिम्मेदारी बढ़ गई है और लोगों की उम्मीदें भी बढ़ी हैं। इस बैठक में हम तय करेंगे कि संगठन को किस तरह आगे बढ़ना चाहिए और भविष्य के लिए एक प्रारंभिक रूपरेखा तैयार करेंगे।

उन्होंने कहा कि बैठक में मीडिया और न्यायपालिका जैसे संस्थानों में घटते जनविश्वास पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा एथनॉल मिश्रित ईंधन और बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भी विचार किया जाएगा। दीपके न केवल आगंतुकों, बल्कि सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को भी चाय परोसते दिखे। कॉजपा की बैठक के दौरान भी वह आगंतुकों से मिलते रहे और सभी के लिए चाय की व्यवस्था करने के बाद खुद उसे वितरित किया।

कॉजपा के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि पर्यावरणविद और शिक्षा कार्यकर्ता सोनम वांगचुक उनके मार्गदर्शक बने रहेंगे तथा संगठन उनसे सलाह लेता रहेगा। दास ने कहा कि वे हाल के राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) पेपर लीक और अन्य परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ कॉजपा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शनों में शामिल छात्रों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेने की मांग पर जोर देंगे।

SCROLL FOR NEXT