रांची/गढ़वा : झारखंड में अलग-अलग कार्रवाइयों के दौरान कुल 441 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 2.2 करोड़ रुपये आंकी गई है। इन मामलों में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गढ़वा जिले में पुलिस ने रविवार को गढ़वा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर ओवरब्रिज के पास खड़े एक कंटेनर ट्रक से करीब 2.13 करोड़ रुपये मूल्य का 426 किलोग्राम गांजा जब्त किया।
गढ़वा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) आशुतोष शेखर ने बताया, गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मादक पदार्थ बरामद करने के लिए वाहन की तलाशी ली। इस दौरान ट्रक से 426 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसे एक-एक किलोग्राम के 426 प्लास्टिक पैकेट में रखा गया था। जब्त गांजा ट्रक में बनी एक गुप्त जगह में छिपाया गया था।
उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, क्योंकि कार्रवाई के दौरान ट्रक में कोई मौजूद नहीं था। जब्त ट्रक का पंजीकरण उत्तर प्रदेश का है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
एक अन्य कार्रवाई में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शनिवार रात टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन पर हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस के सामान्य डिब्बे से चार अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 15 किलोग्राम गांजा बरामद किया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ओडिशा के बोलांगीर से गांजा खरीदा था और इसे बिहार के चंपारण इलाके में ले जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में से तीन उत्तर प्रदेश के निवासी हैं, जबकि चौथा आरोपी, जो गांजे का खरीदार भी है, बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले का रहने वाला है।
जब्त गांजे का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 7.5 लाख रुपये है। गांजे और चारों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए रांची राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) को सौंप दिया गया है।