रांची : रांची में शुक्रवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद 4 हथियारबंद लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिनमें से 2 घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रातू थाना क्षेत्र के होचर गांव के पास ठाकुरगांव रोड पर तड़के करीब 4 बजे एक मोटरसाइकिल को रोकने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल सवार 2 बदमाशों ने पुलिस पर पिस्तौल से 25 राउंड फायरिंग की और भागने की कोशिश की।
SP (रांची ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर ने बताया, पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लग गई। इसके बाद हमने उन्हें हिरासत में ले लिया।
उन्होंने बताया, पूछताछ के दौरान उनके 2 साथी एक चार पहिया वाहन में उनका इंतजार कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने अन्य दो को पास के इलाके से पकड़ लिया। पुष्कर ने बताया कि गिरफ्तार लोगों के पास से 8 पिस्तौल और कई कारतूस बरामद किए गए हैं। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले की जांच चल रही है।
SSP रांची राकेश रंजन ने कहा, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामगढ़ के साजन अंसारी उर्फ शाहिद अंसारी, बोकारो के अमित कुमार गुप्ता उर्फ अमित कुमार, देवघर के आतिश दास और देवानंद दास के रूप में हुई है। सभी राहुल दुबे गिरोह के सदस्य हैं और व्यापारियों और खनिकों से रंगदारी वसूलने के लिए खेलारी कोयला खनन क्षेत्र जा रहे थे।
उन्होंने कहा, साजन अंसारी के खिलाफ 12 मामले दर्ज हैं, अमित कुमार चार मामलों में वांछित है और आतिश दास के खिलाफ 13 मामले लंबित हैं।
पुलिस ने मौके से 8 पिस्तौल, 7.65 mm के 33 कारतूस, 7.62 mm की 9 गोलियां, एक चार पहिया वाहन, एक मोटरसाइकिल, 5 मोबाइल फोन और आरोपियों के आधार कार्ड बरामद किए।