देश/विदेश

तूतीकोरिन के वीओसी बंदरगाह का कंटेनर टर्मिनल ‘हरित टर्मिनल'' घोषित

Muskan Lall

तमिलनाडु के तूतीकोरिन स्थित वीओ चिदंबरनार (वीओसी) बंदरगाह के तूतीकोरिन अंतरराष्ट्रीय कंटेनर टर्मिनल (टीआईसीटी) को सभी परिचालन उपकरणों का विद्युतीकरण किए जाने के बाद ‘हरित टर्मिनल’ घोषित किया गया है। बंदरगाह की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, केंद्रीय पोत परिवहन सचिव विजय कुमार ने बंदरगाह की परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने मंगलवार को कंटेनर संचालन को स्वच्छ और ऊर्जा दक्ष बनाने के लिए 13 इलेक्ट्रिक आंतरिक परिवहन वाहनों को भी रवाना किया। वीओसी बंदरगाह के चेयरमैन सुशांत कुमार पुरोहित ने कहा, ‘बंदरगाह की सालाना माल ढुलाई क्षमता 8.2 करोड़ टन है। यहां मेथनॉल भंडारण एवं ईंधन भरने की प्रायोगिक सुविधा, हरित हाइड्रोजन परियोजना और पवन ऊर्जा सुविधाओं सहित हरित समुद्री बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं पर काम हो रहा है।’ पुरोहित ने बताया कि 15,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बाहरी बंदरगाह का निर्माण किया जा रहा है। इससे सालाना 40 लाख टन अतिरिक्त माल संभालने की क्षमता बढ़ेगी और तमिलनाडु को दक्षिण भारत के प्रमुख माल परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

SCROLL FOR NEXT