ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध पर जल्द समझौते के दिए संकेत
संयुक्त राष्ट्र :
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अपने अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की और विश्वास जताया कि व्हाइट हाउस उनके देश पर पिछले साढ़े चार साल से जारी रूसी हमले को समाप्त करने में मदद कर सकता है। जेलेंस्की और ट्रंप की यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब यूक्रेन और रूस दोनों की ओर से हमलों में लगातार तेजी आ रही है। संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) से इतर मंगलवार को ट्रंप के साथ मौजूद जेलेंस्की ने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि हम इस युद्ध को समाप्त करेंगे, और राष्ट्रपति ट्रंप इस युद्ध को खत्म करने में हमारी मदद करेंगे।’ वर्ष 2024 के चुनाव अभियान के दौरान ट्रंप ने दावा किया था कि वह बेहद कम समय में इस युद्ध को रुकवा सकते हैं। मंगलवार को उन्होंने फिर दोहराया, ‘मुझे लगता है कि हम लड़ाई को शांत करने के लिए एक समझौता करने जा रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘हमने इस बारे में राष्ट्रपति पुतिन सहित कई लोगों से काफी बात की है और मुझे लगता है कि कुछ (सकारात्मक) होने वाला है।’ दिसंबर में फ्लोरिडा में होने वाले आगामी जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान जेलेंस्की, पुतिन और ट्रंप के बीच संभावित बैठक को लेकर ट्रंप ने कोई स्पष्ट प्रतिबद्धता नहीं जताई।