देश/विदेश

रुपया 12 पैसे मजबूत होकर डॉलर के मुकाबले 94.72 पर पहुंचा

शुरुआती कारोबार में रुपया 12 पैसे मजबूत होकर 94.72 प्रति डॉलर पर

Muskan Lall

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और घरेलू शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों के निवेश से मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 12 पैसे मजबूत होकर 94.72 पर पहुंच गया।

हालांकि, अमेरिका में अहम मध्यावधि चुनाव से पहले डॉलर की मजबूती ने दुनिया भर के निवेशकों को सतर्क रखा और रुपये की बढ़त सीमित रही। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने यह जानकारी दी।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 94.68 प्रति डॉलर पर खुला और मजबूत होकर 94.60 तक पहुंचा। बाद में यह 94.72 प्रति डॉलर पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद भाव से 12 पैसे की बढ़त है।

सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 8 पैसे गिरकर 94.84 पर बंद हुआ था। इससे पहले शुक्रवार को इसमें 50 पैसे की तेजी आई थी।

छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स 0.03 प्रतिशत बढ़कर 101.65 पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.01 प्रतिशत गिरकर 104.76 डॉलर प्रति बैरल पर था।

विश्लेषकों के अनुसार, ईरान और कतर के अधिकारियों के बीच नई बातचीत से पश्चिम एशिया युद्ध के समाधान और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति स्थिर होने की उम्मीदें बढ़ीं, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई।

घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स 551.77 अंक यानी 0.73 प्रतिशत बढ़कर 76,244.55 पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी 129.60 अंक यानी 0.55 प्रतिशत चढ़कर 23,570.40 पर रहा।

एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को लगातार दूसरे दिन शुद्ध खरीदार रहे और उन्होंने 3,114.68 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

SCROLL FOR NEXT