देश/विदेश

मेलोनी ने डेटा लीक के लिए रूस समर्थक हैकर्स को ठहराया जिम्मेदार

इटली के विदेश मंत्री का निजी डेटा डार्क वेब पर लीक, मेलोनी ने रूसी समर्थक हैकरों को ठहराया जिम्मेदार

Muskan Lall

इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने शनिवार को कहा कि उनका निजी डेटा इंटरनेट के एन्क्रिप्टेड हिस्से डार्क वेब पर प्रसारित किया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें “धमकियों और डराने-धमकाने” का सामना करना पड़ रहा है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने इस लीक के लिए रूसी समर्थक हैकरों को जिम्मेदार ठहराया।

ताजानी ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी ऐसे समय दी, जब यूरोप में फर्जी बम धमकियों की कई घटनाएं सामने आई हैं। इनके चलते उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा, प्रसारण संस्थानों को सुरक्षा संबंधी धमकियां मिलीं और हाल में सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेशन सिस्टम पर हमले तथा ड्रोन घुसपैठ की घटनाएं भी हुईं।

ताजानी ने कहा, “कई दिनों से साइबर अपराधी डार्क वेब पर मेरा निजी डेटा फैला रहे हैं और अन्य जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं। इससे मैं और मेरा परिवार नई धमकियों और डराने-धमकाने के जोखिम में आ गए हैं।” उन्होंने कहा कि अपराधी उनके और उनके प्रियजनों से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी हासिल करने के लिए पैसे देने को भी तैयार हैं।

मेलोनी ने अलग बयान में रूसी समर्थक हैकरों की गतिविधियों और डार्क वेब पर निजी डेटा प्रकाशित किए जाने के खुलासे के बाद ताजानी के प्रति एकजुटता जताई। उन्होंने सरकारी अधिकारियों की गोपनीय जानकारी बेचने की कोशिशों को “गंभीर चिंता का विषय” बताया और कहा कि इससे पूरी दृढ़ता के साथ निपटा जाना चाहिए।

इटली सरकार में उपप्रधानमंत्री भी ताजानी ने यह नहीं बताया कि किस तरह की जानकारी साझा की गई है, लेकिन संकेत दिया कि साइबर खतरा अभी जारी है।

उन्होंने कहा, “मैं किसी भी तरह की धमकी से डरने वाला नहीं हूं। मैं अपने मंत्रालय और इटली की रक्षा के लिए काम करता रहूंगा। साथ ही, हम मिलकर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधों और सहयोग को और मजबूत करेंगे।”

ताजानी ने साइबर हमले के लिए किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन यूक्रेन के प्रति इटली सरकार का समर्थन दोहराया।

SCROLL FOR NEXT