देश/विदेश

ट्रंप: भारत-अमेरिका व्यापार समझौता होगा काफी अलग

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के करीब, पहले के समझौतों से काफी अलग होगा करार: ट्रंप

Muskan Lall

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत और अमेरिका व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के काफी करीब हैं। उन्होंने संकेत दिया कि यह समझौता पहले किए गए व्यापार समझौतों से काफी अलग होगा।

ट्रंप ने मंगलवार को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि भारत और अमेरिका समझौते के काफी करीब हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या दोनों देश व्यापार समझौता करने जा रहे हैं, उन्होंने कहा, “भारत समझौता करना चाहता है। हम समझौता करेंगे। हां, हम इसके काफी करीब हैं।” उन्होंने कहा कि यह पहले किए गए समझौतों से बिल्कुल अलग तरह का करार होगा।

ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत के दौरे पर थे। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, रक्षा और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा हुई।

इस महीने की शुरुआत में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीयर से मिलवॉकी और वाशिंगटन में मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों पक्षों ने प्रस्तावित व्यापार समझौते के विभिन्न पहलुओं और बारीकियों पर चर्चा की।

भारत और अमेरिका ने फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के पहले चरण के लिए रूपरेखा को अंतिम रूप देने की घोषणा की थी। हालांकि, अमेरिका की शुल्क नीति में बदलाव के कारण समझौते को लेकर बातचीत का एक और दौर शुरू हुआ है। दोनों देशों के बीच जारी चर्चाओं के बीच ट्रंप के ताजा बयान से समझौते को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं।

SCROLL FOR NEXT