अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
वाशिंगटन :
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के नए प्रतिबंधों से शरणार्थियों, शरण मांगने वालों और मानव तस्करी के पीड़ितों समेत हजारों कानूनी प्रवासियों का मेडिकेड स्वास्थ्य बीमा खत्म हो गया है। नौ राज्यों और वॉशिंगटन डीसी में 2.81 लाख से अधिक प्रवासियों के प्रभावित होने का अनुमान है। वहीं, व्यापक बदलावों से 2034 तक 75 लाख लोगों का बीमा खत्म हो सकता है। मेडिकेड संघीय और राज्य सरकारों की संयुक्त स्वास्थ्य बीमा योजना है। प्रवासी अधिकार संगठनों के मुताबिक, बीमा छिनने से कई लोग इलाज का खर्च नहीं उठा पाएंगे। वे इलाज टाल सकते हैं या आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचेंगे, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था पर दबाव बढ़ेगा। ग्रीन कार्ड धारक इन प्रतिबंधों से प्रभावित नहीं हुए हैं। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने कहा कि प्रवासियों को सरकारी सहायता पर निर्भर रहने के बजाय अपना खर्च खुद उठाना चाहिए। वहीं, राष्ट्रीय आव्रजन कानून केंद्र के वरिष्ठ रणनीतिकार बेन डी'अवांजो ने आरोप लगाया कि यह कदम प्रवासियों को अमेरिका छोड़ने का संदेश देने जैसा है।