अवैध संबंध के विवाद में हत्या का आरोप
पुलिस ने मामले में एक को किया गिरफ्तार
बैरकपुर :
उत्तर 24 परगना जिले के गायघाटा में बुधवार सुबह एक युवक का गला कटा शव धान के खेत से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बासुदेव घोष के रूप में हुई है। वह गायघाटा के नोड़ादह इलाके का निवासी था और एक पूर्व पंचायत सदस्य का पति बताया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने नाड़ूगोपाल विश्वास नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। सूत्रों मिली जानकारी के अनुसार, बासुदेव की पत्नी ने आरोप लगाया है कि उनके पति का नाड़ूगोपाल विश्वास की पत्नी ऋतुपर्णा दास के साथ कथित तौर पर विवाहेतर संबंध था। आरोप है कि इस दौरान बासुदेव ने परिवार के सदस्यों की जानकारी के बिना ऋतुपर्णा को काफी रुपये दिए थे। पत्नी का दावा है कि पैसों को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ होगा और इसी रंजिश में नाड़ूगोपाल और उसकी पत्नी ने मिलकर बासुदेव की हत्या की साजिश रची। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बुधवार सुबह बासुदेव राजबंशीपाड़ा इलाके में लीज पर ली गई अपनी जमीन पर खेती की देखभाल करने गए थे। वहां वह जवा फूलों की खेती करते थे। बताया जा रहा है कि उनकी जमीन के पास ही आरोपी की भी जमीन है। आरोप है कि इसी दौरान बासुदेव को अकेला पाकर उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।सुबह खेत में शव पड़ा देखकर स्थानीय लोगों ने गायघाटा थाने को सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। मृतक की गर्दन पर गहरे घाव के निशान मिले। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।प्रारंभिक जांच में पुलिस विवाहेतर संबंध और उससे जुड़े विवाद समेत विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही गायघाटा में 11वीं कक्षा की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना सामने आई थी। उस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी के खिलाफ मुठभेड़ की कार्रवाई की थी। अब एक बार फिर युवक का गला कटा शव मिलने से गायघाटा इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है।पुलिस हर दृष्टिकोण से पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।