देश के प्रमुख एयरोस्पेस और रक्षा प्रदर्शनी आयोजन 'एयरो इंडिया 2027' को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। घरेलू और विदेशी प्रदर्शकों की बढ़ती मांग को देखते हुए रक्षा मंत्रालय ने बेंगलुरु के येलहंका एयरबेस पर प्रदर्शनी के बुनियादी ढांचे का विस्तार करने का फैसला किया है। मंत्रालय के अनुसार, एयरो इंडिया का आयोजन 8 से 12 फरवरी तक किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य भारत को रक्षा विनिर्माण के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
एयरो इंडिया हर दो साल में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय एयरोस्पेस प्रदर्शनी है। इसमें देश-विदेश की प्रमुख रक्षा कंपनियां, विमान निर्माता, तकनीकी विशेषज्ञ और नवाचार से जुड़ी संस्थाएं अपनी आधुनिक तकनीकों एवं उत्पादों का प्रदर्शन करती हैं। यह आयोजन भारत की एयरोस्पेस क्षमताओं, रक्षा उत्पादन और उभरती तकनीकों को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर बन चुका है।
रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि एयरो इंडिया 2027 के लिए प्रदर्शनी स्थल की मांग शुरुआती उपलब्ध क्षमता से लगभग 12,000 वर्ग मीटर अधिक हो गई है। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शकों की ओर से मिल रही भारी मांग को देखते हुए रक्षा उत्पादन विभाग (DDP) ने बड़े स्तर पर बुनियादी ढांचे के विस्तार की पहल की है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक कंपनियों को प्रदर्शनी में हिस्सा लेने का अवसर देना है।
प्रदर्शनी क्षेत्र की क्षमता बढ़ाने के लिए येलहंका एयरबेस पर दो नए एग्जिबिशन हैंगर बनाए जा रहे हैं। इन हैंगर के निर्माण से प्रदर्शकों के लिए उपलब्ध कुल जगह में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। मंत्रालय के मुताबिक, इस व्यवस्था से अधिक कंपनियां अपने उत्पादों, रक्षा उपकरणों और अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन कर सकेंगी।
इस बार एयरो इंडिया के इतिहास में पहली बार प्रदर्शकों को अपने निर्धारित स्टॉल के भीतर मेजेनाइन फ्लोर यानी अतिरिक्त ऊपरी मंजिल बनाने की अनुमति भी दी जाएगी। यह सुविधा उन हैंगरों में उपलब्ध होगी, जहां ऊंचाई पर्याप्त होगी। इससे जमीन पर अतिरिक्त जगह लिए बिना प्रदर्शनी क्षेत्र का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकेगा।
रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि सभी मेजेनाइन संरचनाओं को निर्धारित संरचनात्मक मजबूती, भार सहने की क्षमता और सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा। रक्षा उत्पादन विभाग का लक्ष्य है कि एयरो इंडिया 2027 में वैश्विक एयरोस्पेस कंपनियों, भारतीय रक्षा निर्माताओं और नवाचार से जुड़ी संस्थाओं को अपनी तकनीकी उपलब्धियां प्रदर्शित करने के लिए पर्याप्त अवसर मिलें।