देश/विदेश

इंडिगो के बेड़े में 2027 के अंत तक 14 A321 XLR विमान होंगे: CEO विली वॉल्श

इंडिगो के बेड़े में दिसंबर 2027 तक 14 ए321 एक्सएलआर विमान होंगे: सीईओ विली वॉल्श

Muskan Lall

इंडिगो के सीईओ विली वॉल्श ने मंगलवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिचालन का विस्तार करने की योजना के तहत एयरलाइन को दिसंबर 2027 के अंत तक कुल 14 नैरो-बॉडी ए321 एक्सएलआर विमान मिलने की उम्मीद है।

फिलहाल एयरलाइन के पास चार ए321 एक्सएलआर विमान हैं और साल के अंत तक एक और विमान बेड़े में शामिल होगा। इन विमानों की उड़ान क्षमता अधिक है, जिससे इंडिगो को विदेशों में और अधिक गंतव्यों से जुड़ने में मदद मिलेगी।

राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित एक सम्मेलन में वॉल्श ने कहा कि एयरलाइन का ध्यान छोटी दूरी की उड़ानों पर ही रहेगा और उसका लागत ढांचा बेहद कुशल है।

लीज पर लिए गए बोइंग 787 वाइड-बॉडी विमानों का परिचालन बंद कर चुकी इंडिगो को 2028 की दूसरी तिमाही से ए350-900 विमान मिलने शुरू होने की उम्मीद है।

वॉल्श ने कहा कि ए350 विमानों के साथ परिचालन शुरू करने से पहले काफी काम करना होगा।

उन्होंने कहा, “हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि ए350 विमानों को बेड़े में शामिल करने को लेकर उत्साह के कारण हमारा ध्यान न भटके और हम छोटी दूरी के नैरो-बॉडी परिचालन पर जरूरी काम से नजर न हटाएं। यह परिचालन आज बेहद कुशल है।”

वॉल्श राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित ‘एविएशन इंडिया एंड साउथ एशिया 2026’ सम्मेलन में बोल रहे थे।

हवाई अड्डों के बारे में उन्होंने कहा कि उनके साथ प्रभावी साझेदारी जरूरी है। हवाई अड्डों को अपने निवेश पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करना चाहिए। वॉल्श पहले भी हवाई अड्डों के ऊंचे शुल्क और करों की आलोचना कर चुके हैं।

इंडिगो को 2030 तक अपने बेड़े में 600 विमान होने की उम्मीद है। फिलहाल एयरलाइन के बेड़े में 440 से अधिक विमान हैं।

SCROLL FOR NEXT