देश/विदेश

लोग नहीं जानते कि मेरे फैसले का मतलब क्या है : ट्रंप

Kamlesh Pandey

वाशिंगटन :

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नए कानून के तहत रूस को व्यापक प्रतिबंधों से छूट देने के अपने फैसले की कड़ी आलोचना के बीच इसे ‘अच्छा फैसला’ बताया और कहा कि लोगों को अभी यह नहीं पता कि इसका वास्तव में क्या मतलब है? डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार शाम मियामी स्थित अपने मार-ए-लागो रिसॉर्ट में संवाददाताओं से कहा, ‘आपमें से कई लोगों को अभी यह नहीं पता कि मेरा फैसला क्या है लेकिन आप समझ जाएंगे....।’ उन्होंने कहा, ‘यह बहुत अच्छा फैसला है और देश के लिए अच्छा साबित होगा। मुझे लगता है कि यह दुनिया के लिए भी अच्छा होगा।’ ट्रंप ने शुक्रवार को एक शासकीय आदेश पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके तहत रूस को नए प्रतिबंध कानून ‘ग्राहम अधिनियम’ से छूट दी गई। अमेरिकी संसद ने पिछले महीने इस कानून को मंजूरी दी थी। इस आदेश के तहत रूस से तेल व गैस खरीदने वाले चीन और भारत समेत 5 सबसे बड़े देशों पर 100% शुल्क लगाने के प्रावधान से भी छूट दी गई है। आदेश में कहा गया है कि ये छूट तब तक लागू रहेंगी, जब तक राष्ट्रपति या विदेश मंत्री, आवश्यकता के अनुसार वित्त मंत्री और व्यापार प्रतिनिधि से परामर्श करने के बाद यह तय नहीं कर लेते कि आगे कोई कार्रवाई करना उचित है। रूस को प्रतिबंधों से छूट देने के ट्रंप के फैसले की रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक, दोनों दलों के नेताओं ने आलोचना की है। दोनों दलों के सांसदों ने पिछले महीने मिलकर ‘लिंडसे ओ ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट’ को भारी बहुमत से पारित किया था। दक्षिण कैरोलाइना की रिपब्लिकन सांसद डार्लिन ग्राहम ने रूस को प्रतिबंध कानून से छूट देने के ट्रंप के फैसले की आलोचना की। इस कानून को उनके भाई लिंडसे ग्राहम ने आगे बढ़ाया था और इसका नाम भी उन्हीं के नाम पर रखा गया है। लिंडसे ग्राहम का निधन हो गया है। डार्लिन ग्राहम ने कहा, ‘निजी तौर पर, मैं युद्ध समाप्त कराने और गैस की कीमतें कम करने के लिए रूस पर दबाव बनाने का विकल्प चुनती, क्योंकि मुझे (रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर) पुतिन और रूस पर भरोसा नहीं है।’
SCROLL FOR NEXT