शेनझेन : चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बुधवार को व्यापार संरक्षणवाद के खिलाफ मजबूती से खड़े होने का संकल्प जताया, जबकि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों की आलोचना की। दोनों नेताओं के बयान ऐसे समय आए हैं, जब गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनकी अहम त्रिपक्षीय बैठक होनी है। शी और पुतिन ने दक्षिण चीन के प्रौद्योगिकी केंद्र शेनझेन में आयोजित एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) सम्मेलन में अपने विचार रखे। शी ने अपने संबोधन में मुक्त और खुले व्यापार का समर्थन करते हुए कहा कि विश्व व्यापार संगठन के केंद्र में मौजूद नियम आधारित बहुपक्षीय व्यापार व्यवस्था को मजबूत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चीन अपने उद्योगों और नई तकनीकों में निवेश जारी रखेगा, आयात शुल्क घटाएगा और बाजार को और खोलेगा। साथ ही वह संरक्षणवाद और एकतरफा नीतियों का विरोध करेगा। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका ने एनवीडिया जैसी कंपनियों के उन्नत एआई चिप तक चीन की पहुंच सीमित करने के लिए नए प्रतिबंध लगाए हैं। बीजिंग ने इसका जवाब देने की चेतावनी दी है। चीन के एक हजार अरब डॉलर से अधिक के वार्षिक व्यापार अधिशेष को लेकर अमेरिका और यूरोपीय देशों ने भी चिंता जताई है। वहीं, पुतिन ने पश्चिमी देशों को पूर्व का प्रभुत्वशाली शक्ति केंद्र बताते हुए कहा कि रूस पर लगाए गए प्रतिबंधों का अपेक्षित असर नहीं हुआ है। उनके मुताबिक प्रतिबंध, शुल्क और निर्यात पाबंदियां प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्थाओं की वृद्धि रोकने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मतभेदों का समाधान बातचीत की मेज पर बैठकर किया जा सकता है।
शी ने ट्रंप का हवाई अड्डे पर किया स्वागत :
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन पहुंचने पर शी ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति बनने के बाद किसी विदेशी नेता का हवाई अड्डे पर स्वागत करने का यह उनका पहला मौका था। सितंबर में वाशिंगटन के ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पर शी के स्वागत के दौरान ट्रंप ने भी ऐसा ही शिष्टाचार दिखाया था। दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और संक्षिप्त मुलाकात के बाद एक-दूसरे को गले लगाया। बाद में वे पुतिन और अन्य नेताओं के साथ सम्मेलन स्थल पर पहुंचे।
त्रिपक्षीय बैठक में यूक्रेन और ईरान युद्ध सहित महत्वपूर्ण मुद्दों पर होगी चर्चा :
ट्रंप, शी और पुतिन की गुरुवार को होने वाली त्रिपक्षीय बैठक में यूक्रेन और ईरान युद्ध, व्यापार, कृत्रिम मेधा (एआई) तथा परमाणु हथियारों जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। इस बैठक की तुलना 1945 के याल्टा सम्मेलन से की जा रही है, जिसमें अमेरिका, ब्रिटेन और सोवियत संघ ने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद की वैश्विक व्यवस्था की रूपरेखा तय की थी। हालांकि, यूरोप और एशिया के कुछ देशों को आशंका है कि तीनों बड़ी शक्तियां छोटे देशों के हितों की अनदेखी कर सकती हैं।