काठमांडू/इस्लामाबाद : विश्वप्रसिद्ध नेपाली पर्वतारोही निर्मल निम्सदाई पुर्जा की पाकिस्तान के गिलगित-बाल्टिस्तान स्थित ब्रॉड पीक पर आए भीषण हिमस्खलन में मौत हो गई। उनकी अभियान कंपनी ने शनिवार को आधिकारिक बयान जारी कर उनके निधन की पुष्टि की। कंपनी ने इंस्टाग्राम पर जारी संदेश में गहरा शोक व्यक्त करते हुए बताया कि इस हादसे में निर्मल पुर्जा के साथ उनके भरोसेमंद पर्वतारोहण सहयोगी और गाइड पुर बहादुर गुरूंग (युक्ता) तथा नीमा शेरपा की भी जान चली गई। कंपनी ने कहा कि यह पर्वतारोहण समुदाय के लिए अपूरणीय क्षति है। वहीं पाकिस्तान के अधिकारियों ने शनिवार को उन छह पर्वतारोहियों की तलाश के लिए फिर से बचाव अभियान शुरू कर दिया है जो बृहस्पतिवार को ‘ब्रॉड पीक’ पर हुए हिमस्खलन के बाद लापता हो गए थे। पाकिस्तान की काराकोरम पर्वत श्रृंखला में K2 के पास स्थित ब्रॉड पीक दुनिया की 12वीं सबसे ऊंची चोटी है। पाकिस्तान के एल्पाइन क्लब (एसीपी) ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि 10 सदस्यीय पर्वतारोहण दल बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे 7,000 मीटर की ऊंचाई पर हिमस्खलन की चपेट में आ गया था। इसके बाद सभी पर्वतारोही लापता हो गए। दल में नेपाल के छह, जबकि पाकिस्तान, ओमान, अमेरिका और चीन का एक-एक पर्वतारोही शामिल था। एसीपी के अध्यक्ष मेजर जनरल इरफान अरशद के अनुसार, शुक्रवार को चार शव बरामद किए गए थे।