रोम : इटली के 100 से अधिक शहरों में शुक्रवार को मजदूरों और छात्रों ने वेतन वृद्धि, महंगाई पर नियंत्रण और बेहतर सामाजिक सुरक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। देश के सबसे बड़े मजदूर संगठन सीजीआईएल की 24 घंटे की हड़ताल से मिलान, ट्यूरिन, नेपल्स, पलेर्मो और रोम समेत कई शहरों में जनजीवन प्रभावित हुआ। अंतरराष्ट्रीय छात्र एकजुटता दिवस पर 45 से अधिक शहरों में छात्र भी आंदोलन में शामिल हुए। उन्होंने शिक्षा में निवेश बढ़ाने, जीवन-यापन का खर्च घटाने और आर्थिक असमानता दूर करने की मांग की। सीजीआईएल महासचिव मॉरीजियो लैंडिनी ने कहा कि देश के सामाजिक और आर्थिक ढांचे में आमूलचूल बदलाव जरूरी है। हड़ताल में सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के कर्मचारी शामिल हुए। इससे परिवहन, स्कूलों और कुछ स्वास्थ्य केंद्रों का कामकाज प्रभावित होने की आशंका रही। प्रदर्शनों में विपक्षी नेताओं ने भी हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार की आलोचना की। प्रदर्शनकारियों ने सार्वजनिक सेवाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश बढ़ाने की मांग की।