मौसम विभाग ने उत्तराखंड, हिमाचल में हो रही बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। आने वाले 4-5 दिनों में हिमाचल,उत्तराखंड के लिए बारिश मुसीबत बन सकती है। रुद्रप्रयाग में लैंडस्लाइड के बाद बारिश के अलर्ट को लेकर रास्ता बंद कर दिया गया है। रास्ते में फंसे यात्रियों को मुसीबत का सामना करना पड़ सकता है।
भारतीय मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 4-5 दिनों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 48 घंटों में हिमाचल में मध्यम बारिश की आशंका जताई गई है। वहीं उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में तेज बारिश के बाद लैंडस्लाइड की वजह से केदारनाथ जाने का रूट जाम हो गया। गौरी कुंड के पास लैंडस्लाइड की घटना हुई। जानकारी के मुताबिक इस घटना में 19 लोग लापता हो गए। अब प्रशासन ने खराब मौसम और बारिश के अलर्ट के बाद केदारनाथ जाने का रास्ता फिलहाल बंद कर दिया है।
रास्ता बंद होने से श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ी
खराब मौसम को देखते हुए केदारनाथ की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को बीच रास्ते में ही रोक दिया गया है। गौरी कुंड में गुरुवार देर रात तेज बारिश हुई। इस वजह से मंदाकिनी नदी उफान पर है। गौरी कुंड में हुए भूस्खलन के बाद से NDRF और SDRF की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है।
हिमाचल के लिए काल बना मानसून
इस साल पहाड़ों पर हुई बारिश लोगों के लिए जानलेवा साबित हुई। इस बार मानसून सीजन में हिमाचल में अब तक 199 लोगों की मौत हो गई जबकि 31 लोग लापता बताए जा रहे हैं। वहीं 142 लोगों की मौत खराब मौसम में सड़क हादसों के कारण हुई। राज्य सरकार ने सरकारी आंकड़े जारी करते हुए 6 हजार करोड़ से अधिक के नुकसान की बात कही है। आपदा प्रबंधन के प्रधान सचिव ने कहा कि इस साल मानसून के सीजन में हिमाचल प्रदेश को 6,563.58 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।
तेज बारिश ने सैंकड़ों घरों को किया नष्ट
सरकारी आंकड़ों के अनुसार तेज बारिश और बाढ़ की वजह से अब तक 750 से ज्यादा घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। वहीं 7300 से ज्यादा घरों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा 254 दुकानें और 2337 गौशालाएं भी नष्ट हुई हैं। राज्य में लैंडस्लाइड की अब तक 79 घटनाएं हुईं है।