तिराना (अल्बानिया) : अल्बानिया की राजधानी तिराना में शनिवार को प्रधानमंत्री एडी रामा के इस्तीफे की मांग को लेकर हजारों प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़पें हुईं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछारें कीं। प्रदर्शनकारियों ने सरकारी इमारतों पर पथराव किया तथा सड़क पर लगे कैमरों और खिड़कियों को लाठियों से तोड़ने की कोशिश की। देश के विभिन्न हिस्सों और विदेश से भी लोग प्रदर्शन में शामिल होने तिराना पहुंचे। यह प्रदर्शन अल्बानिया के स्वतंत्रता दिवस की 114वीं वर्षगांठ के मौके पर हुआ। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य स्कैंडरबेग चौक पर रामा के खिलाफ नारे लगाए और पूरे राजनीतिक तंत्र में बदलाव की मांग की। मई के अंत से सरकार विरोधी प्रदर्शन जारी हैं। शुरुआत दक्षिणी तट पर एक बड़े पर्यटन प्रोजेक्ट के विरोध से हुई थी, जिसका संबंध अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर की निवेश कंपनी से है। बाद में छात्रों ने शिक्षा और जीवन स्तर में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन शुरू किया। अब प्रदर्शनकारियों का मुख्य निशाना रामा सरकार है।