काराकास : वेनेजुएला के विदेश मंत्री इवान गिल ने शनिवार को ऑपरेशन अमिस्ताद की सराहना की। वे भारत द्वारा स्थापित फील्ड अस्पताल का दौरा करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में इलाजरत लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल लिया। साथ ही वहां प्रदान की जा रही चिकित्सा सेवाओं की भी सराहना की।
यात्रा के अंत में पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि हम आपको सूचित करना चाहते हैं कि हमने इस फील्ड अस्पताल का दौरा किया है। यह फील्ड अस्पताल भारत सरकार की ओर से स्थापित किया गया है, जो हमारी मित्र और भाईचारे वाली सरकार है। वेनेजुएला में भारत से हमारे साथ राजदूत अशोक बाबू, यहां के संचालन के प्रभारी कमांडर, राष्ट्रीय हिप्पोड्रोम संस्थान के निदेशक और अध्यक्ष जूलियो लियोन भी मौजूद हैं, जो इस अस्पताल की स्थापना के लिए सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
400 लोगों को विभिन्न प्रकार की दी जा रही सहायता
उन्होंने आगे कहा कि हमने देखा है कि प्रतिदिन 400 लोगों को विभिन्न प्रकार की सहायता दी जा रही है। विदेश मंत्री इवान गिल ने कहा कि मैं भारत सरकार और उसके प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देना चाहता हूं। हमने हाल ही में भारत का दौरा किया था। यहां भाईचारे का एक उदाहरण देखने को मिला। यह उन लोगों का भाईचारा है जो वेनेजुएला के लोगों की सेवा कर रहे हैं। दुख की इस घड़ी में हमारे साथ खड़े हैं। इस बीच, विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने बताया कि पिछले सप्ताह वेनेजुएला में आए भूकंप में 2,300 से अधिक लोग मारे गए, 5,000 से अधिक लोग घायल हुए और लगभग 16,000 लोग बेघर हो गए।