अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 
देश/विदेश

मध्यावधि चुनाव तक ईरान पर हमला नहीं करेगा अमेरिका : ट्रंप

ट्रंप ने युद्ध खत्म करने पर बातचीत को बताया सकारात्मक, तेहरान ने झुकने से किया इनकार

Bharat Paswan

वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले ईरान पर हमला नहीं करेगा। उन्होंने दावा किया कि दोनों देशों के बीच छह महीने से जारी युद्ध खत्म करने को लेकर सकारात्मक बातचीत हो रही है। ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच लिखा, “इस्लामी गणराज्य ईरान के साथ हमारी सार्थक बातचीत चल रही है। तीन नवंबर को होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनाव से पहले हम किसी भी समय ईरान पर हमला नहीं करेंगे।” फरवरी में अमेरिका और इजराइल के ईरान पर हमले के साथ शुरू हुए युद्ध से ट्रंप की घरेलू लोकप्रियता प्रभावित हुई है। नवंबर के चुनाव में अपनी मामूली बढ़त बचाने की कोशिश कर रही रिपब्लिकन पार्टी के लिए भी यह संघर्ष चुनौती बन गया है। हाल के एक सर्वेक्षण के अनुसार, करीब 60 प्रतिशत अमेरिकी ईरान के मामले को संभालने के ट्रंप के तरीके से असंतुष्ट हैं। इनमें रिपब्लिकन पार्टी के चार में से एक समर्थक भी शामिल है। युद्ध के कारण पेट्रोल की कीमतें बढ़ी हैं, जबकि मतदाताओं के लिए जीवन-यापन की लागत प्रमुख चिंता बनी हुई है। ट्रंप ने चुनाव के बाद तेल की कीमतें घटने की उम्मीद जताई है, लेकिन युद्ध से बाहर निकलने की कोई विस्तृत योजना पेश नहीं की है। अमेरिका और ईरान ने युद्ध समाप्त करने तथा वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के अहम मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर खोलने के लिए हाल के सप्ताहों में प्रस्तावों का आदान-प्रदान किया है। हालांकि, ट्रंप ने तेहरान के ताजा प्रस्ताव को खारिज कर दिया। इस बीच, ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया कि तेहरान यूरेनियम संवर्धन बंद करने या अपने यूरेनियम भंडार को सौंपने के लिए तैयार नहीं है। यह बयान अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के उस बयान के कुछ दिन बाद आया, जिसमें उन्होंने युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान की यूरेनियम संवर्धन क्षमता में ठोस कमी की जरूरत बताई थी।

SCROLL FOR NEXT