वाशिंगटन : इंग्लैंड स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे आरएएफ फेयरफोर्ड को निशाना बनाकर कथित आतंकवादी हमले की साजिश की जांच के बीच अमेरिकी वायुसेना ने वहां तैनात अपने सभी बमवर्षक विमानों को वापस अमेरिका बुला लिया है। इन विमानों का इस्तेमाल ईरान पर हमले के लिए किया गया था। अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन के एक अधिकारी ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया कि इन बमवर्षक विमानों को अमेरिका में उनके मूल ठिकानों पर वापस भेज दिया गया है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के खिलाफ युद्ध को लेकर विकल्पों पर विचार कर रहे हैं, जिनमें नए हमले करना भी शामिल है। लंदन से करीब 160 किलोमीटर पश्चिम में स्थित आरएएफ फेयरफोर्ड का इस्तेमाल पश्चिम एशिया में दशकों से चले आ रहे विभिन्न संघर्षों के दौरान अमेरिकी बमवर्षक विमानों के लिए किया जाता रहा है।