स्ट्रेट ऑफ होर्मुज  
देश/विदेश

होर्मुज बंद होने के ईरान के दावे को अमेरिका ने नकारा

सेंटकॉम के मुताबिक, यहां से करीब दो करोड़ बैरल कच्चा तेल भी गुजर रहा है।

Bharat Paswan

वाशिंगटन : अमेरिका ने ईरान के उस दावे को खारिज किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य बंद है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि रणनीतिक जलमार्ग से वाणिज्यिक जहाजों और ऊर्जा आपूर्ति की आवाजाही जारी है। सेंटकॉम के मुताबिक, यहां से करीब दो करोड़ बैरल कच्चा तेल भी गुजर रहा है। हालांकि, इस आंकड़े की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इसके विपरीत, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के कमांडर के सलाहकार मोहम्मदरेजा नकदी ने कहा कि होर्मुज पूरी तरह बंद है और ईरानी सेना का इस पर पूरा नियंत्रण है। उन्होंने कहा कि ईरान की ‘‘वैध मांगें’’ पूरी होने तक स्थिति जारी रहेगी। हालांकि, जलडमरूमध्य से आवाजाही सामान्य नहीं है। युद्ध से पहले जहां रोज करीब 125 जहाज गुजरते थे, वहीं अब यह संख्या करीब 10 रह गई है। 28 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच तेल, एलएनजी और एलपीजी टैंकरों से जुड़े कम से कम 12 हमले या हमले के प्रयास दर्ज किए गए।

कतर के पास टैंकर पर कई प्रोजेक्टाइल से हमला, कई हताहत

कतर के उत्तर में खाड़ी के पानी में एक तेल टैंकर पर कई प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया, जिसमें कई लोगों के हताहत होने की खबर है। ब्रिटेन के यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने बताया कि घटना मदीनत अल-शमाल से करीब 51 समुद्री मील (94 किलोमीटर) दूर हुई। हमले के कारण और हताहतों की संख्या के बारे में तत्काल विस्तृत जानकारी नहीं दी गई। समुद्री खुफिया कंपनी वैनगार्ड ने हमले का शिकार जहाज ‘एसर’ की पहचान एंटीगुआ और बारबुडा के झंडे वाले तेल एवं रसायन टैंकर के रूप में की है। जहाज माल लेकर होर्मुज जलडमरूमध्य की ओर जा रहा था। अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (आईएमओ) के अनुसार, फरवरी में ईरान के साथ अमेरिका और इजराइल का युद्ध शुरू होने के बाद क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों की 93 पुष्ट घटनाओं में कम से कम 24 नाविक मारे जा चुके हैं। 9 सितंबर को होर्मुज जलडमरूमध्य में पनामा के झंडे वाले टैंकर ‘एल गैया’ पर हमले में दो नाविकों की मौत हुई थी।

SCROLL FOR NEXT