इंफाल : भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने मणिपुर की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान शनिवार को बिष्णुपुर जिले में स्थित प्रसिद्ध लोकटक झील का दौरा किया और वहां नौका विहार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। लोकटक झील पूर्वोत्तर भारत की सबसे बड़ी मीठे पानी की झीलों में से एक है और मणिपुर के प्रमुख प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थलों में शामिल है। राजदूत गोर का झील का दौरा उनकी मणिपुर यात्रा के दूसरे दिन हुआ।
महावाणिज्यदूत के साथ मणिपुर पहुंचे थे गोर
अमेरिकी राजदूत शुक्रवार को कोलकाता में अमेरिकी महावाणिज्यदूत कैथी जाइल्स-डियाज के साथ मणिपुर की राजधानी इंफाल पहुंचे थे। अधिकारी ने बताया कि शनिवार को गोर ने लोकटक झील का दौरा किया और वहां नौका विहार किया। राजदूत की लोकटक यात्रा को मणिपुर के प्राकृतिक और सांस्कृतिक महत्व को करीब से समझने के अवसर के तौर पर देखा जा रहा है। लोकटक झील अपने तैरते हुए द्वीपों और ‘फुमदी’ के लिए प्रसिद्ध है।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री से की मुलाकात
गोर ने मणिपुर यात्रा के पहले दिन शुक्रवार शाम राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह से अलग-अलग मुलाकात की थी। राज्यपाल से मुलाकात के बाद गोर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि उन्हें मणिपुर के राज्यपाल से मिलने का अवसर मिला। उन्होंने भारत और अमेरिका के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने के महत्व पर चर्चा की। अमेरिकी राजदूत ने मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह से मुलाकात के बाद भी सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री के मणिपुर को लेकर दृष्टिकोण के बारे में जानकर अच्छा लगा।
भारत-अमेरिका आर्थिक संबंधों पर चर्चा
गोर ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ बातचीत में इस बात पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ कि अमेरिका और भारत आर्थिक संबंधों को बढ़ाने के लिए किस तरह मिलकर काम कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने अमेरिकी राजदूत को मणिपुर में आयोजित होने वाले संगाई महोत्सव में फिर से आने का निमंत्रण भी दिया। संगाई महोत्सव राज्य की कला, संस्कृति, परंपरा और पर्यटन को प्रदर्शित करने वाला प्रमुख आयोजन है।
कांगला किले और ख्वाइरामबंद कैथल भी गए
मणिपुर यात्रा के पहले दिन गोर ने पूर्ववर्ती मणिपुर साम्राज्य की प्राचीन राजधानी कांगला किले का दौरा किया। इसके अलावा वह महिलाओं द्वारा संचालित प्रसिद्ध बाजार ‘ख्वाइरामबंद कैथल’ (इमा कैथल) भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मणिपुर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व से जुड़े प्रमुख स्थलों का जायजा लिया। राजदूत की दो दिवसीय यात्रा के दौरान राजनीतिक नेतृत्व के साथ मुलाकात के अलावा राज्य की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से देखने पर भी जोर रहा।