देहरादून के सहसपुर क्षेत्र में एक युवक की हत्या के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई है। 
देश/विदेश

देहरादून में युवक की हत्या के बाद बवाल, आरोपी के घर चला बुलडोजर

पानी के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा जानलेवा हमला बना, गांव में तनाव के बीच भारी पुलिस बल तैनात, अवैध निर्माण पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सहसपुर क्षेत्र में एक युवक की हत्या के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई है। बैरागीवाला गांव में पानी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें विनोद कश्यप नामक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी।

पुराने विवाद को लेकर हुई घटना

जानकारी के अनुसार, शनिवार को विनोद कश्यप अपने भाई के साथ सरकारी ट्यूबवेल से खेत में पानी लगा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी खेत के मालिक इम्तियाज ने इस पर आपत्ति जताई। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि कुछ देर बाद इम्तियाज करीब दर्जनभर लोगों के साथ मौके पर पहुंचा और विनोद व उसके भाई पर हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल विनोद कश्यप की बाद में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में 12 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में रज्जाक, इम्तियाज, अमन, यूनुस, शाहबाज, शराफत अली, मासूम, आदिल, शमून, सलमान, जावेद और इंतजार के नाम शामिल हैं।

हत्या के बाद भड़का गुस्सा

घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। कुछ लोगों ने आरोपियों के घरों की ओर रुख किया, जिससे तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

युवक की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कुछ लोगों ने आरोपियों के घरों पर पथराव किया और एक मकान में आग लगा दी। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस और प्रशासन को मौके पर तैनात करना पड़ा।

आरोपी के घर पर चला बुलडोजर

प्रशासन ने मुख्य आरोपी के घर के पास अवैध निर्माण पर कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि अवैध निर्माण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद बैरागीवाला और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कई थानों की पुलिस, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

पुलिस बोली- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही हिंसा, आगजनी और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों की भी पहचान की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

SCROLL FOR NEXT