लंदन : होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अलग-अलग घटनाओं में दो तेल टैंकरों को अज्ञात प्रोजेक्टाइल से निशाना बनाए जाने की खबर है। ब्रिटेन के मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने बताया कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है। पहला टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य से निकलते समय निशाने पर आया। इससे जहाज में मामूली आग लग गई और बिजली आपूर्ति बाधित हुई। चालक दल ने आग पर काबू पा लिया और जहाज बिना किसी जनहानि या पर्यावरणीय नुकसान के अपनी यात्रा जारी रखने में सफल रहा।कुछ घंटे बाद ओमान के पूर्व में एक अन्य कच्चे तेल के टैंकर पर भी अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला किए जाने की सूचना मिली। इसमें चालक दल का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ और पर्यावरण को भी नुकसान नहीं पहुंचा। यूकेएमटीओ ने प्रोजेक्टाइल के प्रकार या हमलों के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान नहीं की है। उसने क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की सलाह दी है। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति का अहम समुद्री मार्ग है। हालिया घटनाओं से इस क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
टैंकर पर हमले के बाद पांच भारतीय नागरिकों को बचाया गया
होर्मुज जलडमरूमध्य में कुवैत के झंडे वाले एक टैंकर पर प्रक्षेपास्त्र हमले के बाद पांच भारतीय नागरिकों को बचाया गया। भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उसने ‘एमटी काजिमाह 3’ पर सवार पांच भारतीयों को बचाने के अभियान में मदद की और उन सभी को सुरक्षित रूप से किनारे पर पहुंचाया गया। उसने बचाव अभियान में लगातार सहयोग और मदद के लिए ओमान के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। दूतावास ने इस घटना के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी। यह घटना खाड़ी क्षेत्र में बढ़े हुए तनाव के बीच हुई है। पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बाद से भारतीय नाविकों वाले कई वाणिज्यिक जहाजों पर हमले हुए हैं।