मनीला : फिलीपीन में प्रशिक्षण उड़ान के दौरान वायुसेना के दो विमान आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में चारों पायलटों की मौत हो गई। दोनों एसएफ-260 विमान शुक्रवार दोपहर कम ऊंचाई पर उड़ान भर रहे थे, तभी उनमें टक्कर हो गई। इसके बाद वे राजधानी मनीला के दक्षिण में बाटांगास प्रांत के लीपा शहर स्थित फर्नांडो एयरबेस में गिर गए। अधिकारियों के मुताबिक, जमीन पर कोई अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ। वायुसेना ने हादसे को दुर्घटनावश हुई घटना बताया है, लेकिन इसके कारणों की विस्तृत जानकारी नहीं दी। जांच पूरी होने तक एसएफ-260 विमानों के शेष बेड़े की उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं। यह हादसा फिलीपीन की सेना के आधुनिकीकरण प्रयासों के लिए झटका है।