वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मेक्सिको को चेतावनी दी है कि यदि उसने अमेरिका की ओर बढ़ रहे प्रवासियों के काफिले को नहीं रोका तो वह मेक्सिको से आयात होने वाले सामान पर शुल्क दोगुना कर देंगे। ट्रंप ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर कहा कि इन प्रवासियों को अमेरिका में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मेक्सिको को तत्काल इस काफिले को रोकना होगा, अन्यथा उस पर लगने वाले आयात शुल्क में तुरंत दोगुनी वृद्धि की जाएगी। ट्रंप ने कहा कि मेक्सिको, टेक्सास के गवर्नर, सीमा गश्ती दल और आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (आईसीई) को इस बारे में सूचित कर दिया गया है। उन्होंने किसी तरह की नरमी नहीं बरतने की चेतावनी भी दी। रिपोर्ट के मुताबिक, मध्य अमेरिका के करीब 1,500 प्रवासियों का समूह मंगलवार को ग्वाटेमाला सीमा के पास स्थित मेक्सिको के तपाचुला शहर से रवाना हुआ था। उन्हें उम्मीद है कि अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत से अमेरिका में रहने और काम करने के रास्ते खुल सकते हैं।