डलास (अमेरिका) : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश में होने वाले मध्यावधि चुनाव के मद्देनजर रिपब्लिकन पार्टी के समर्थकों से संसद में पार्टी का बहुमत बचाने के लिए बाहर निकलकर मतदान करने की अपील की। ट्रंप ने डलास में आयोजित पार्टी के दो दिवसीय मध्यावधि चुनाव सम्मेलन के दौरान उपराष्ट्रपति जे. डी. वेंस की भी जमकर प्रशंसा की। वेंस ने सम्मेलन में मुख्य भाषण दिया। वेंस ने अभी यह नहीं कहा है कि वह राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ेंगे या नहीं और ट्रंप ने भी अब तक किसी को अपना संभावित उत्तराधिकारी नहीं बताया है। ट्रंप ने इस उम्मीद से सम्मेलन का आयोजन किया कि उन समर्थकों में उत्साह पैदा किया जा सके जो उनके लिए तो बड़ी संख्या में मतदान करते हैं, लेकिन अन्य उम्मीदवारों के लिए मतदान करने उतनी संख्या में नहीं निकलते। राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को वादा किया कि यदि रिपब्लिकन पार्टी मध्यावधि चुनाव में जीत हासिल कर संसद के दोनों सदनों में नियंत्रण बरकरार रखती है तो प्रत्येक अमेरिकी वयस्क को 5,000 अमेरिकी डॉलर भेजे जाएंगे।