डोनाल्ड ट्रंप 
देश/विदेश

ट्रंप का दावा पाक-भारत तनाव में गिरे 11 जेट्स, दोबारा अलापा मध्यस्थता का राग

मध्यस्थता कर शांति लाने के लिये मांगा नोबेल पुरस्कार

वॉशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले साल हुए सैन्य तनाव को खत्म कराने में अपनी भूमिका का दावा किया है। ट्रंप ने कहा कि मई 2025 में दोनों देशों के बीच चार दिनों तक चले संघर्ष के दौरान 11 जेट विमान मार गिराए गए थे। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये विमान किस देश के थे या दोनों पक्षों के कुल नुकसान की बात कर रहे थे।एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि उन्होंने दुनिया के आठ संघर्षों को सुलझाने में भूमिका निभाई है, जिसमें भारत-पाकिस्तान के बीच हुआ तनाव भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इस काम के लिए उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए था। ट्रंप ने दावा किया कि भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष परमाणु युद्ध तक पहुंच सकता था और इसे रोककर उन्होंने बड़ी संख्या में लोगों की जान बचाई। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी उनकी भूमिका की सराहना की और दावा किया कि उनके हस्तक्षेप से 3 से 5 करोड़ लोगों की जान बची।

भारत लगातार यह स्पष्ट करता रहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने में किसी तीसरे देश की मध्यस्थता नहीं थी। नई दिल्ली के अनुसार, दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच सीधी बातचीत के बाद सैन्य गतिविधियां रोकने पर सहमति बनी थी।

हालांकि, ट्रंप के ताजा बयान में बताए गए 11 विमानों के नुकसान को लेकर कोई विस्तृत जानकारी या प्रमाण पेश नहीं किया गया है। भारत अपने रुख पर कायम है कि संघर्ष विराम किसी बाहरी दबाव या मध्यस्थता से नहीं, बल्कि दोनों देशों के बीच सैन्य स्तर पर हुई बातचीत के बाद हुआ था।

SCROLL FOR NEXT