स्ट्रेट ऑफ होर्मुज 
देश/विदेश

ट्रंप ने होर्मुज को बताया ‘नया अमेरिकी क्षेत्र’

ट्रंप बोले- ईरान से बातचीत की कोई योजना नहीं, होर्मुज खुला

Bharat Paswan

वाशिंगटन/दुबई : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को ‘‘नया अमेरिकी क्षेत्र’’ बताया गया है। पोस्ट की गई तस्वीर में ईरान और ओमान के बीच स्थित होर्मुज जलडमरूमध्य का नक्शा दिखाया गया है। जलडमरूमध्य को घेरकर उसके ऊपर ‘‘NEW U.S. Territory’’ यानी ‘‘नया अमेरिकी क्षेत्र’’ लिखा गया था। ट्रंप की इस पोस्ट को ईरान के साथ बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर जारी विवाद के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ट्रम्प के पोस्ट के बाद ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट को अमेरिका का हिस्सा बताना सिर्फ एक गलतफहमी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ट्रम्प को जल्द ही समझ आ जाएगा कि इस समुद्री रास्ते पर अमेरिका का कोई अधिकार नहीं है।

शर्तें पूरी होने तक होर्मुज जलडमरूमध्य बंद रहेगा : ईरान

ईरान के शीर्ष वार्ताकार मोहम्मद बाकर कालीबाफ ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका द्वारा जून में हुए अंतरिम समझौते की शर्तें पूरी किए जाने तक होर्मुज जलडमरूमध्य बंद रहेगा। कालीबाफ के अनुसार, शर्तों में ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकाबंदी हटाना, तेल प्रतिबंधों को समाप्त करना, ईरान की जब्त संपत्तियां जारी करना तथा सभी मोर्चों पर धमकियों और सैन्य अभियानों को रोकना शामिल है। 17 जून को हुए समझौते के तहत दोनों देशों को अधिकतम 60 दिनों के भीतर व्यापक अंतिम समझौते के लिए बातचीत करनी थी। इसमें ईरान के परमाणु कार्यक्रम जैसे मुद्दे भी शामिल थे। हालांकि, होर्मुज जलडमरूमध्य के नियंत्रण को लेकर विवाद के कारण समझौता जल्द ही पटरी से उतर गया। एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने कहा कि कूटनीतिक प्रयासों के विफल रहने के कारण ईरान अब ‘‘पूरी तरह आक्रामक’’ रुख अपनाएगा।

ट्रंप बोले- ईरान से बातचीत की कोई योजना नहीं, होर्मुज खुला

 अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका की ईरान के साथ फिलहाल बातचीत की कोई योजना नहीं है। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य ‘‘खुला और संचालित’’ है, जबकि इस मार्ग से जहाजों की आवाजाही सीमित है और एक जहाज पर हमले की खबर भी सामने आई है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि होर्मुज में अमेरिकी नाकाबंदी ‘‘पूरी तरह लागू’’ है। उन्होंने यह भी दावा किया कि जलडमरूमध्य में मौजूद सभी समुद्री बारूदी सुरंगों को हटा दिया गया है। ट्रंप का यह बयान अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिनों की बातचीत की समयसीमा समाप्त होने के बाद आया है। इस अवधि में दोनों देशों के बीच कोई स्पष्ट समझौता नहीं हो सका है और युद्ध खत्म होने के भी फिलहाल कोई संकेत नहीं हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। यह जलमार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और यहां लंबे समय तक व्यवधान से अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार पर असर पड़ सकता है।

SCROLL FOR NEXT