रायसेन में भोपाल-सागर मार्ग पर सेहतगंज टोल प्लाजा के पास शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें तीन यात्रियों की मौत हो गई और 15 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा खरबई थाना क्षेत्र में सुबह करीब 11:30 बजे हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बसों के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री सीट से नीचे गिर पड़े। हादसे में मृत यात्रियों के शवों की स्थिति इतनी खराब थी कि उनकी पहचान तक मुश्किल हो गई, जबकि एक यात्री का सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर अलग हो गया।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक दोनों बसें भोपाल-सागर रूट पर चल रही थीं। एक बस भोपाल से सागर की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी बस विपरीत दिशा से आ रही थी। टोल के पास मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण दोनों बसें नियंत्रण खो बैठीं और आमने-सामने टकरा गईं।
एक यात्री ने बताया कि बस जैसे ही टोल के पास पहुंची, अचानक जोरदार झटका लगा और सभी यात्री सीट से गिर गए। कई यात्रियों के हाथ-पैर और सिर में गंभीर चोटें आईं। कुछ घायलों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों की संख्या 3 बताई जा रही है। मृतकों की पहचान सुल्तानगंज निवासी नीतीश व्यास पिता एसएन व्यास और बेगमगंज निवासी माखन लोधी पिता रामबाबू लोधी के रूप में हुई है। एक शव की पहचान नहीं हो सकी है।
राहत और बचाव कार्य
हादसे के बाद मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने बताया कि घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
एसपी आशुतोष गुप्ता ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण खोना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की जरूरत को उजागर करता है।