गोरखपुर में भटहट-बांसस्थान निर्माणाधीन फोरलेन सड़क पर एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया है। दलाल चौराहा के पास डिवाइडर पर सो रहे एक मजदूर पर डंपर चालक द्वारा मिट्टी गिरा दी गई, जिससे वह जिंदा ही मिट्टी के नीचे दब गया और उसकी मौत हो गई।
घटना का खुलासा दूसरे दिन सुबह तब हुआ जब मजदूरों को मिट्टी समतल करते समय एक व्यक्ति का पैर मिट्टी से बाहर दिखाई दिया। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक की पहचान देवरिया जिले के रामपुर कारखाना क्षेत्र के सिधुआ गांव निवासी मिंटू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मिंटू पिछले कई दिनों से सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था और घटना वाली रात वह डिवाइडर पर ही सो गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच के अनुसार, रात के समय निर्माण कार्य के दौरान डंपर चालक ने बिना यह देखे कि कोई वहां सो रहा है, डिवाइडर पर मिट्टी डाल दी। इसी दौरान मिंटू पूरी तरह मिट्टी के नीचे दब गया।
गुरुवार सुबह लगभग 11 बजे जेसीबी से मिट्टी समतल करते समय मजदूरों को मिट्टी के बीच से एक पैर दिखाई दिया। इसके बाद मिट्टी हटाई गई तो अंदर दबा हुआ शव मिला। मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
मृतक की पत्नी नीता देवी अपने दो बच्चों के साथ मौके पर पहुंचीं और रो-रोकर उनका हाल बेहाल हो गया। परिजनों ने बताया कि मिंटू पिछले पांच वर्षों से तरकुलहा गांव में रहकर मजदूरी कर रहा था और पिछले दस दिनों से भटहट क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में लगा था।
पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज की मदद से यह स्पष्ट हुआ कि डंपर चालक ने लापरवाही से मिट्टी डाली, जिससे मजदूर दब गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी चालक रंजू राजभर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के पास से रोटी, सब्जी, शराब का पाउच, हरी मिर्च, चिलम, मोबाइल चार्जर और शॉल बरामद हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला गंभीर लापरवाही का प्रतीत होता है और आगे की कार्रवाई जारी है।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि वाहन संख्या यूपी-32 आरएन-4276 से यह मिट्टी डाली गई थी। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।