काठमांडू : नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में ठंड बढ़ने से पर्यटन गतिविधियां घटने लगी हैं। इसका असर होटल, रेस्तरां, दुकानों और ट्रेकिंग कारोबार पर पड़ रहा है। शरद ऋतु का व्यस्त ट्रेकिंग सीजन भी समाप्ति की ओर है। ‘द हिमालयन टाइम्स’ के अनुसार, पिछले सात दिनों में खुम्बू क्षेत्र से 1,180 पर्यटक हवाई मार्ग से लौटे, जबकि केवल 529 वहां पहुंचे। लौटने वालों में 877 विदेशी और 303 नेपाली थे। वहीं, आने वालों में 374 विदेशी और 155 नेपाली पर्यटक शामिल रहे।
जिला पुलिस के सूचना अधिकारी इंस्पेक्टर मौसम तमांग ने कहा कि आंकड़े पर्यटकों की बढ़ती वापसी दर्शाते हैं। एवरेस्ट बेस कैंप के प्रमुख पड़ाव नामचे बाजार में रात का तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। बर्फबारी की आशंका और खराब मौसम के चलते पर्यटक यात्रा बीच में छोड़ रहे हैं। इससे होटल, लॉज, गाइड और पोर्टर की कमाई प्रभावित हो रही है। एवरेस्ट पर्यटन नेपाल के पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार और आय का प्रमुख स्रोत है।