पेरिस : दक्षिणी फ्रांस के एक छोटे से गांव में मंगलवार को भीषण बवंडर ने भारी तबाही मचा दी। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, 39 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर है। बवंडर ने करीब 1,000 की आबादी वाले पोमा गांव को बुरी तरह तबाह कर दिया। करीब 300 मकानों को नुकसान पहुंचा है और कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। राहत एवं बचाव दल मलबे में तलाशी अभियान चला रहे हैं। अब तक किसी के लापता होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ने प्रभावित लोगों के लिए आपातकालीन आवास केंद्र खोले हैं। मंगलवार सुबह तक करीब 1,400 घरों में बिजली आपूर्ति बाधित थी। घटना के समय क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान की चेतावनी जारी थी। पास के मौसम केंद्र में 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से हवाएं दर्ज की गईं।