देश/विदेश

‘विचाराधीन’ उम्मीदवारों पर TMC ने की कोर्ट से हस्तक्षेप की मांग

चंद्रिमा ने कलकत्ता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को लिखा पत्र

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस ने कलकत्ता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पाल को तीन पन्नों का पत्र भेजकर उनसे कई उम्मीदवारों को ‘विचाराधीन’ सूची में रखने के मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है। सूत्रों के अनुसार, यह पत्र पार्टी की वरिष्ठ नेता चंद्रिमा भट्टाचार्य ने हाईकोर्ट को ईमेल के जरिए लिखा। पत्र में पार्टी ने आग्रह किया कि इन उम्मीदवारों की स्थिति तुरंत स्पष्ट की जाए। सूची में उत्तर दिनाजपुर के गोवालपोखर, मालदा के मोथाबाड़ी, मुर्शिदाबाद के शमशेरगंज, लालगोला, नवदा, हुगली के चंडीतला, उत्तरपाड़ा, उत्तर 24 परगना के देगंगा और बीरभूम के हासन जैसे केंद्र शामिल हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, पत्र में तृणमूल ने यह भी मांग की कि विचाराधीन सूची में कितने नाम निपटाए जा रहे हैं, उसका दैनिक विवरण प्रकाशित किया जाए। जो नाम छूट रहे हैं, उनका कारण स्पष्ट किया जाए और आवेदन प्रक्रिया आसान बनाई जाए। पार्टी ने यह भी कहा कि बीएलए को आवेदन प्रक्रिया में शामिल किया जाए ताकि आवेदन पोर्टल पर आसानी से हो सके। पहले छह केंद्रों में मतदान पहले चरण और बाकी पांच में दूसरे चरण में होगा।

पहले चरण के लिए नामांकन 6 अप्रैल तक और दूसरे चरण के लिए 9 अप्रैल तक किये जाएंगे। पार्टी का कहना है कि 23 मार्च तक लगभग 32 लाख नामों का निपटारा हुआ, लेकिन शेष नामों का विवरण स्पष्ट नहीं है। ममता बनर्जी ने सूची के मध्यरात्रि में प्रकाशित होने पर भी सवाल उठाया और पारदर्शिता की मांग की। इस कदम से तृणमूल ने यह सुनिश्चित करने की कोशिश की है कि उम्मीदवारों की प्रचार और नामांकन की प्रक्रिया बाधित न हो।

SCROLL FOR NEXT