एनसेनाडा (मेक्सिको) : मेक्सिको की एक अदालत ने 2024 में ऑस्ट्रेलिया के दो भाइयों और उनके अमेरिकी मित्र की हत्या के मामले में तीन दोषियों को 158 साल नौ महीने की जेल की सजा सुनाई है। इस हत्याकांड ने पर्यटन पर निर्भर मेक्सिको में विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे। बाजा कैलिफोर्निया राज्य के तटीय शहर एनसेनाडा की अदालत ने जीसस गेरार्डो गार्सिया उर्फ ‘एल केकास’, इरिनियो फ्रांसिस्को और एंजेल जीसस को हत्या, हिंसा के साथ लूटपाट और वाहन चोरी का दोषी ठहराते हुए यह सजा सुनाई। तीनों को एक सप्ताह पहले दोषी करार दिया गया था। मृतकों की पहचान ऑस्ट्रेलियाई भाइयों कैलम और जेक रॉबिन्सन तथा उनके अमेरिकी मित्र कार्टर रेड रोड के रूप में हुई थी। मई 2024 में कई दिनों की तलाश के बाद उनके शव बरामद किए गए थे। मामले में कम से कम चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। बाजा कैलिफोर्निया सर्फर संघ के अध्यक्ष एंटोनियो ओटानेज ने फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि न्याय हुआ है।