टोक्यो : जापान में बढ़ते और अधिक जटिल होते साइबर हमलों को देखते हुए सरकार ने शुक्रवार को सरकारी विभागों, स्थानीय निकायों और निजी कंपनियों को सतर्क रहने की चेतावनी दी। पिछले साल स्थापित राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा कार्यालय ने सरकारी मंत्रालयों को सुरक्षा संबंधी निर्देश जारी किए हैं। मंत्रालय इन्हें स्थानीय प्रशासनिक निकायों और निजी कंपनियों तक पहुंचाएंगे। निर्देशों में सुरक्षा प्रणालियों को लगातार अपडेट करने, मजबूत पासवर्ड रखने और आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े सभी स्तरों पर साइबर सुरक्षा मजबूत करने को कहा गया है। सरकार ने यह भी चेताया कि साइबर हमलावर सुरक्षा व्यवस्था में मदद करने का दिखावा कर लोगों को निशाना बना रहे हैं। एआई के इस्तेमाल से सुरक्षा संबंधी कमजोरियों और खतरों की जटिलता भी बढ़ रही है। पिछले महीने कार-शेयरिंग सेवा टाइम्स कार पर हुए साइबर हमले में करीब 66 लाख सदस्य खातों की जानकारी लीक हो गई थी। इस सप्ताह जारी अध्ययन के अनुसार, जापान में इस साल अब तक साइबर हमलों के 500 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। डेटा लीक की घटनाओं में पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, संपर्क विवरण और क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारियां उजागर हुई हैं।