संयुक्त राष्ट्र : भारत ने संयुक्त राष्ट्र शांतिसैनिकों पर हमलों के दोषियों को जवाबदेह ठहराने की मांग की है। भारत ने कहा कि मौजूदा समय में शांतिसैनिकों को विषम और तकनीकी रूप से उन्नत खतरों का सामना करना पड़ रहा है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन के सैन्य सलाहकार कर्नल तरुणेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि शांतिसैनिकों की सुरक्षा शांति स्थापना अभियानों का सबसे महत्वपूर्ण पहलू है। उन्होंने शांति स्थापना अभियानों की व्यापक समीक्षा पर आयोजित वार्षिक परिचर्चा में कहा कि शांतिसैनिकों पर हमले करने वालों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने इस संबंध में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2589 के तहत भारत के निरंतर प्रयासों का भी उल्लेख किया। यह प्रस्ताव शांतिसैनिकों के खिलाफ अपराधों के लिए जवाबदेही सुनिश्चित करने से जुड़ा है। भारत संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में प्रमुख योगदानकर्ता है और अब तक 50 मिशनों में तीन लाख से अधिक सैनिक तैनात कर चुका है।