काठमांडू : नेपाल में भीषण बाढ़ के बीच राहत और बचाव कार्य जारी है, वहीं बाढ़ में बहकर आए पैसे और कीमती सामान चोरी करने के आरोप में कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
नेपाल पुलिस ने त्रिशूली नदी के किनारे लाखों रुपये से भरी एक तिजोरी मिलने के बाद 29 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह तिजोरी भोटेकोशी क्षेत्र में बाढ़ के पानी में बह गई थी और बाद में धादिंग जिले के गलछी ग्रामीण नगरपालिका-2 स्थित बेलखुखोला इलाके में मिली।
पुलिस का आरोप है कि स्थानीय लोगों ने तिजोरी तोड़कर उसमें रखे करीब 92 लाख 68 हजार 505 नेपाली रुपये निकाल लिए। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। तलाशी के दौरान 29 लोगों के पास से पूरी रकम बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार किए गए ज्यादातर लोग गलछी-4 के मस्तार इलाके के रहने वाले हैं। कुछ आरोपी गलछी-6 के आदमघाट और सिद्धलेक-7 के आदमटार के निवासी हैं। कुछ आरोपी मूल रूप से चितवन और पर्सा के रहने वाले हैं और फिलहाल धादिंग में रह रहे हैं।
पुलिस ने नारायणी नदी में बही एक महिला के शव से सोने की बालियां चोरी करने के आरोप में दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।