रिपब्लिक ऑफ नाओएरो का हवाई दृश्य 
देश/विदेश

दुनिया के तीसरे सबसे छोटे देश ने बदला नाम

नौरू ने अपना आधिकारिक नाम बदलकर किया रिपब्लिक ऑफ नाओएरो (Republic of Naoero)

वेलिंगटन : प्रशांत महासागर में स्थित दुनिया के तीसरे सबसे छोटे देश नौरू ने अपना आधिकारिक नाम बदलकर रिपब्लिक ऑफ नाओएरो (Republic of Naoero) कर लिया है। राष्ट्रपति डेविड अडियांग ने कहा कि नया नाम देश की राष्ट्रीय भाषा में प्रचलित मूल उच्चारण और वर्तनी के अनुरूप है। नाम परिवर्तन के साथ देश का अंतरराष्ट्रीय कोड NRU से बदलकर NRO कर दिया जाएगा। वहीं, अब वहां के नागरिक नौरुआन के बजाय देई-नाओएरो कहलाएंगे। विदेशों में अब तक नाउ-रू के रूप में उच्चारित किए जाने वाले इस देश का नया उच्चारण नाउ-एरो होगा। सरकार के अनुसार, यह बदलाव देश की सांस्कृतिक विरासत, भाषा और राष्ट्रीय पहचान को सम्मान देने के उद्देश्य से किया गया है। करीब 12 हजार की आबादी वाला यह द्वीपीय देश जनसंख्या के लिहाज से दुनिया का तीसरा सबसे छोटा देश है। संयुक्त राष्ट्र ने जून में सरकार के अनुरोध के बाद अपने रिकॉर्ड में देश का नाम नाओएरो दर्ज कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अमेरिका और चीन की आधिकारिक वेबसाइटों पर भी अब देश का नया नाम इस्तेमाल किया जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT