काहिरा : अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष में शनिवार को तनाव और बढ़ गया। अमेरिकी सेना ने दावा किया कि ईरानी मिसाइल हमलों के जवाब में उसने तीन ईरानी तेल टैंकरों को निशाना बनाया। अमेरिकी सेना ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर ईरान के सीमित और असुरक्षित तेल बेड़े को भी नष्ट किया जाएगा। अमेरिकी सेना के बयान के मुताबिक, क्षेत्र में गश्त के दौरान एक अमेरिकी विमानवाहक पोत और एक विध्वंसक पोत ने ईरान की ओर से किए गए कई बिना उकसावे वाले हमलों से खुद को बचाया। इस दौरान किसी अमेरिकी सैन्यकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। अमेरिकी सेना ने कहा कि उसके हमलों में दो ईरानी तेल टैंकरों को स्थायी रूप से निष्क्रिय कर दिया गया, जबकि तीसरे खाली टैंकर को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। अमेरिका के अनुसार, ये टैंकर ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड और क्षेत्र में उसके सशस्त्र सहयोगी संगठनों को आर्थिक मदद पहुंचाने वाले एक गुप्त नेटवर्क का हिस्सा थे। इससे पहले ईरान ने आरोप लगाया था कि अमेरिका ने फारस की खाड़ी में खार्ग द्वीप के पास एक ईरानी तेल टैंकर पर हमला किया। अमेरिकी सेना ने बताया कि एक टैंकर को खार्ग द्वीप के पास, दूसरे को जास्क के निकट और खाली टैंकर को ओमान की खाड़ी में निशाना बनाया गया।
ट्रंप ने पिकएक्स माउंटेन पर हमला करने की दी चेतावनी
ट्रंप ने चेतावनी दी कि अमेरिका ईरान के 'पिकएक्स माउंटेन' पर बहुत जल्द हमला कर सकता है। उन्होंने फिर से कहा कि इस मुहिम का मुख्य मकसद ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है। ट्रंप ने कहा, हमें अब पांच महीने हो चुके हैं। और आपको पता है कि हमने इन पांच महीनों में क्या किया? हमने यह पक्का किया कि उनके पास परमाणु हथियार न हों।