सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयापुरम : बेहतरीन खेल प्रदर्शन और शानदार संयम का परिचय देते हुए प्रोथ्रापुर पैंथर्स ने अंडमान प्रीमियर लीग-3 2025-26 के फाइनल मुकाबले में शाही कैलीकट स्ट्राइकर्स को 51 रन से हराकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रोथ्रापुर पैंथर्स ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 179 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाजों ने अनुशासित बल्लेबाजी करते हुए मध्यक्रम में तेज रन गति से टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। महत्वपूर्ण साझेदारियों ने पूरी पारी के दौरान टीम को मजबूती प्रदान की। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी शाही कैलीकट स्ट्राइकर्स की टीम निर्धारित रन गति बनाए रखने में संघर्ष करती नजर आई। टीम ने प्रयास जरूर किया, लेकिन 20 ओवर में 7 विकेट खोकर केवल 128 रन ही बना सकी। मैच में प्रोथ्रापुर पैंथर्स ने 179/5 का स्कोर बनाया, जबकि शाही कैलीकट स्ट्राइकर्स 128/7 तक ही पहुंच सकी और मुकाबला 51 रन से हार गई।
बाला को शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया। विजेता टीम को 4 लाख रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि उपविजेता टीम को 2 लाख रुपये दिए गए। एस. वेंकट सतीश कुमार को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ का पुरस्कार और 50 हजार रुपये नकद प्रदान किए गए। उन्हें सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार भी मिला, जिसकी राशि 25 हजार रुपये थी। वहीं शाहजमाल हुसैन को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया और उन्हें भी 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। फाइनल मुकाबले के दौरान मैदान में जबरदस्त उत्साह का माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में दर्शक दोनों टीमों का समर्थन करने पहुंचे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केनरा बैंक, श्री विजयापुरम के मुख्य प्रबंधक देवीलाइन दत्ता उपस्थित रहे। अंडमान प्रीमियर लीग-3 2025/26 का यह संस्करण पूरे महीने चले रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का शानदार उदाहरण रहा, जिसमें द्वीपों के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन इंडियन प्रीमियर लीग की तर्ज पर पेशेवर ढंग से किया गया। टूर्नामेंट में 10 प्रतिस्पर्धी फ्रेंचाइजी टीमों ने भाग लिया, जहां राउंड-रॉबिन लीग प्रारूप के तहत प्रत्येक टीम ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेले। इससे पूरे टूर्नामेंट के दौरान निष्पक्षता, निरंतरता और उच्च स्तरीय क्रिकेट देखने को मिला।