इस्लामाबाद : पाकिस्तान की सेना ने रविवार को दावा किया कि अशांत बलूचिस्तान प्रांत में पिछले 96 घंटे के दौरान सुरक्षा बलों के अभियानों में 73 आतंकवादी मारे गए। सेना के मीडिया विंग आईएसपीआर के मुताबिक, क्वेटा, जियारत, नोश्की और टुम्प के मंड इलाके में खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। आईएसपीआर के अनुसार, क्वेटा के शाबान इलाके में 33, जियारत में 23, नोश्की में 11 और मंड में छह आतंकवादी मारे गए। सेना ने इन लोगों को प्रतिबंधित संगठनों से जुड़ा बताया। अभियानों के दौरान हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद करने का भी दावा किया गया। पाक सेना ने आरोप लगाया कि अफगान तालिबान सरकार की कथित संलिप्तता से पाकिस्तान में आतंकवादी गतिविधियां जारी हैं, जिससे लोगों की जान जा रही है और क्षेत्र की शांति प्रभावित हो रही है। हालांकि, इस आरोप पर अफगान तालिबान सरकार की तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। इस बीच, डुकी जिले में हथियारबंद लोगों ने एक निर्माण स्थल से 12 मजदूरों का अपहरण कर लिया। पुलिस के अनुसार, प्रतिरोध करने पर एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई और दो अन्य घायल हुए।