राजघाट में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी Salman Ali
देश/विदेश

देश ने बापू और शास्त्री को दी श्रद्धांजलि

Kamlesh Pandey

नई दिल्ली : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि बापू का शाश्वत संदेश बेहतर समाज और ‘विकसित भारत’ की दिशा में मार्गदर्शन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि गांधी का पूरा जीवन सत्य, अहिंसा, करुणा और सेवा की मिसाल था और उनकी विचारधारा आने वाले वर्षों में भी मानवता का मार्गदर्शन करती रहेगी। मोदी ने कहा कि महात्मा गांधी की विचारधारा ने पूरी दुनिया को प्रेरित किया। उन्होंने लोगों से 2 अक्टूबर को कम से कम एक खादी उत्पाद खरीदने और स्वदेशी को अपनाने की भी अपील की।

लाल बहादुर शास्त्री को नमन किया

इसके बाद प्रधानमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शास्त्री की सादगी और राष्ट्र के प्रति समर्पण हमेशा प्रेरणा देने वाला रहा है। मोदी ने कहा कि शास्त्री के व्यक्तित्व की विशेषता यह थी कि वह बाहर से जितने सौम्य और विनम्र दिखाई देते थे, भीतर से उतने ही दृढ़ इच्छाशक्ति वाले थे। मोदी ने कहा कि शास्त्री ने सैनिकों और किसानों को देश को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने का ‘मंत्र’ दिया था तथा प्रधानमंत्री के रूप में अपने छोटे कार्यकाल में भी राष्ट्र के कल्याण के प्रति उनका समर्पण दिखाई दिया।

खरगे और राहुल ने अर्पित की पुष्पांजलि

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और उनके सिद्धांतों पर अडिग रहने का संकल्प लिया। इसके बाद दोनों नेताओं ने विजय घाट पहुंचकर लाल बहादुर शास्त्री की समाधि पर पुष्प अर्पित किए।

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य को शक्ति, अहिंसा को साहस और सत्याग्रह को अन्याय के खिलाफ प्रभावी अस्त्र बनाया। उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा, सद्भाव और न्याय के सिद्धांतों पर अडिग रहना ही गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि है। राहुल गांधी ने कहा कि सत्य, अहिंसा और निर्भयता महात्मा गांधी की सबसे बड़ी विरासत हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने अन्याय के सामने न झुकने तथा सत्य और अहिंसा के साथ डटे रहने का संदेश दिया।शास्त्री को श्रद्धांजलि देते हुए खरगे ने उनके नेतृत्व, सादगी और राष्ट्रसेवा की विरासत को याद किया। राहुल गांधी ने कहा कि ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर शास्त्री ने देश के सैनिकों और किसानों के सम्मान को रेखांकित किया और उनकी सादगी तथा देश के प्रति समर्पण हमेशा याद किया जाएगा। महात्मा गांधी का जन्म 2 अक्टूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में हुआ था। लाल बहादुर शास्त्री का जन्म 2 अक्टूबर 1904 को उत्तर प्रदेश में हुआ था। शास्त्री ने 9 जून 1964 से 11 जनवरी 1966 तक भारत के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया।

SCROLL FOR NEXT