केरलम के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन 
देश/विदेश

मंत्री वंदे मातरम का पूरा गायन होने से पहले ही सीट पर बैठे

मंत्री को राष्ट्रगीत गाए जाने के दौरान अपने पास बैठे लोगों से बातचीत करते हुए भी देखा गया

Ravi

कासरगोड (केरलम) : केरलम के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन सोमवार को एक सरकारी कार्यक्रम में वंदे मातरम के पूरे गायन पर कथित तौर पर नाराजगी जताते हुए राष्ट्रगीत समाप्त होने से पहले ही मंच पर अपनी सीट पर बैठ गए। यह घटना केरलम के उत्तरी जिले कासरगोड के सरकारी मुल्लेरिया परिवार स्वास्थ्य केंद्र में एक प्रयोगशाला के उद्घाटन के दौरान हुई।

समाचार चैनलों पर प्रसारित दृश्यों में दिखा कि मंत्री के साथ जिलाधिकारी, कासरगोड के सांसद राजमोहन उन्नीथन और विधायक के. माहिन भी राष्ट्रगीत का गायन पूरा होने से पहले बैठ गए। हालांकि, विधायक के. नीलकंदन और जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष पी. के. फैसल पूरा राष्ट्रगीत गाए जाने तक खड़े रहे। बताया गया कि राष्ट्रगीत के शुरुआती 2 अंतरे गाए जाने के बाद मंत्री और अन्य लोगों ने बैठने की कोशिश की और गायन जारी रहने पर वे अपनी सीटों पर बैठ गए।

कार्यक्रम के दृश्यों में मंत्री को राष्ट्रगीत गाए जाने के दौरान अपने पास बैठे लोगों से बातचीत करते हुए भी देखा गया। यह घटना सरकारी कार्यक्रमों में वंदे मातरम का पूरा गायन अनिवार्य करने के केंद्र के निर्देश को लेकर जारी बहस के बीच हुई है। कांग्रेस का कहना है कि इसके शुरुआती 2 अंतरों का गायन पर्याप्त है। मुरलीधरन ने पहले भी कहा था कि केरलम में वंदे मातरम का पूरा संस्करण नहीं गाया जाएगा और सरकारी कार्यक्रमों में केवल शुरुआती 2 अंतरों को शामिल किया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT