हॉकी खेलते भारतीय सेना के जवान के साथ न्यूजीलैंड की टीम 
देश/विदेश

भारत की तीनों सेनाओं की हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड को 4-1 से हराया

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष हुए पूरे

Bharat Paswan

ऑकलैंड (न्यूजीलैंड) : भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना की संयुक्त हॉकी टीम ने बृहस्पतिवार को न्यूजीलैंड को 4-1 से हराया। ऑकलैंड के लॉयड एल्समोर पार्क हॉकी स्टेडियम में खेले गये इस मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड रक्षा बल ने पारंपरिक माओरी युद्ध नृत्य ‘हाका’ के साथ भारतीय दल का स्वागत किया। भारतीय उच्चायोग के अनुसार, टीम वेलिंगटन में कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद ऑकलैंड पहुंची थी। उसे डेवोनपोर्ट स्थित न्यूजीलैंड नौसेना के अड्डे एचएमएनजेडएस फिलोमेल भी ले जाया गया, जहां पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। भारत और न्यूजीलैंड के खेल संबंधों की शुरुआत 1926 में हुई थी, जब भारतीय सेना की हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड का दौरा किया था। उस टीम में हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद भी शामिल थे। इस शताब्दी समारोह के तहत बुधवार को भारतीय उच्चायोग ने विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें दोनों देशों के क्रिकेट कप्तान शुभमन गिल और टॉम लैथम सहित खेल जगत की कई हस्तियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में दोनों देशों की खेल साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।

SCROLL FOR NEXT