काठमांडू : नेपाल में भारत के निवर्तमान राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने मंगलवार को यहां प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ औपचारिक बैठक में द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग पर चर्चा की। प्रधानमंत्री सचिवालय के अनुसार, श्रीवास्तव ने काठमांडू में शाह से उनके कार्यालय में मुलाकात की। वह अपना चार साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद भारत लौटने की तैयारी कर रहे हैं। बैठक के बाद श्रीवास्तव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘नेपाल से जाने की तैयारी के क्रम में माननीय प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से मुलाकात कर औपचारिक बैठक की। मेरे कार्यकाल के दौरान द्विपक्षीय साझेदारी को आगे बढ़ाने में उनके और नेपाल सरकार के सहयोग के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।’’ प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि बैठक के दौरान दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग के मुद्दों पर चर्चा की। जून 2022 से नेपाल में भारत के राजदूत के तौर पर कार्यरत श्रीवास्तव एक अक्टूबर को भारत लौट रहे हैं।