देश/विदेश

इफको साहित्य सम्मान 2025 मैत्रेयी पुष्पा और अंकिता जैन को इफको युवा साहित्य सम्मान

उर्वरक क्षेत्र की प्रमुख सहकारी संस्था इफको द्वारा वर्ष 2025 का ‘इफको साहित्य सम्मान’ कथाकार मैत्रेयी पुष्पा को प्रदान किया गया ।

नयी दिल्ली, सन्मार्ग संवाददाता,

उर्वरक क्षेत्र की प्रमुख सहकारी संस्था इफको द्वारा वर्ष 2025 का ‘इफको साहित्य सम्मान’ कथाकार मैत्रेयी पुष्पा को प्रदान किया गया । साथ ही ‘इफको युवा साहित्य सम्मान’ अंकिता जैन को उनकी पुस्तक ‘ओह रे! किसान’ के लिए दिया गया। मंगलवार को राजधानी में आयोजित एक समारोह में इफको के अध्यक्ष दिलीप संघाणी ने प्रदान किया।

इफको द्वारा वर्ष 2011 में शुरू किया गया यह सम्मान प्रत्येक वर्ष ऐसे हिन्दी लेखक को दिया जाता है जिसकी रचनाओं में मुख्यतः ग्रामीण व कृषि जीवन का चित्रण किया गया हो।इस पुरस्कार के अन्तर्गत सम्मानित साहित्यकार को एक प्रतीक चिह्न, प्रशस्ति पत्र तथा ग्यारह लाख रुपये की राशि का चैक प्रदान किया जाता है।

वरिष्ठ साहित्यकार चंद्रकांता की अध्यक्षता वाली निर्णायक समिति ने मैत्रेयी पुष्पा का चयन ग्रामीण व कृषि जीवन के चित्रण और भारत के बदलते यथार्थ पर केन्द्रित उनके व्यापक साहित्यिक योगदान को ध्यान में रखकर किया। निर्णायक मंडल में नासिरा शर्मा, श अनंत विजय, यतींद्र मिश्र, डॉ. नलिन विकास एवं श्री उत्कर्ष शुक्ल शामिल थे।

अपने संदेश में इफको के प्रबंध निदेशक के जे पटेल ने मैत्रेयी पुष्पा को बधाई देते हुए कहा कि वे गहरे सामाजिक सरोकारों वाली रचनाकार हैं। इस अवसर पर फ्लाइंग फेदर्स आर्ट एसोसिएशन द्वारा अजय कुमार के निर्देशन में मैत्रेयी पुष्पा की कहानी ‘गुनाहगार’ का नाट्य मंचन किया गया।

SCROLL FOR NEXT