देश/विदेश

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने स्ट्रेचर मरीजों के लिए किफायती हवाई किराए की मांग उठाई

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने पोर्ट ब्लेयर और चेन्नई तथा कोलकाता के बीच संचालित एयरलाइंस में स्ट्रेचर मरीजों के लिए किफायती हवाई किराया निर्धारित करने की मांग की है। पार्टी के अंडमान एवं निकोबार आयोजन सचिव डी. अय्यप्पन ने हाल ही में नई दिल्ली दौरे के दौरान भारत सरकार के नागरिक उड्डयन सचिव को इस संबंध में पत्र सौंपा। पत्र में कहा गया है कि अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह से गंभीर रूप से बीमार अथवा घायल मरीजों को विशेष उपचार के लिए स्ट्रेचर मरीज के रूप में मुख्यभूमि के अस्पतालों में भेजा जाता है। पहले एयर इंडिया तथा निजी एयरलाइंस ऐसे मरीजों से अपेक्षाकृत किफायती किराया वसूलती थीं, लेकिन अब स्थिति बदल गई है और स्ट्रेचर मरीज को पोर्ट ब्लेयर से मुख्यभूमि तक ले जाने के लिए लगभग 3 लाख रुपये तक का किराया लिया जा रहा है, जिसे सामान्य द्वीपवासी वहन नहीं कर सकते। सीपीआई (एम) सचिव ने नागरिक उड्डयन सचिव का ध्यान इस ओर भी आकर्षित किया कि हाल के समय में निजी एयरलाइंस ने मुख्यभूमि-पोर्ट ब्लेयर मार्गों पर हवाई किराए में अत्यधिक वृद्धि कर दी है, जिससे द्वीपवासियों में गंभीर चिंता व्याप्त है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा उपचार, बच्चों की शिक्षा तथा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए मुख्यभूमि जाने वाले लोगों को भारी आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी ने यह भी चिंता व्यक्त की कि हवाई किराए में वृद्धि का प्रतिकूल प्रभाव द्वीपों के पर्यटन उद्योग पर भी पड़ा है। पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय कमी आई है, जिससे पर्यटन आधारित गतिविधियों पर निर्भर हजारों लोगों की आजीविका प्रभावित हुई है। अय्यप्पन ने यह भी बताया कि हाल के महीनों में चेन्नई और पोर्ट ब्लेयर के बीच उड़ानों की संख्या में भारी कमी कर दी गई है। इसके कारण चेन्नई जाने वाले यात्रियों को अब बेंगलुरु अथवा हैदराबाद होकर लंबा मार्ग अपनाना पड़ रहा है, जिससे यात्रा समय और हवाई किराया दोनों बढ़ गए हैं।

उन्होंने कहा कि लगभग एक महीने पहले तक इंडिगो चेन्नई-पोर्ट ब्लेयर मार्ग पर प्रतिदिन तीन उड़ानें संचालित कर रही थी, जबकि अब इस मार्ग पर केवल एक ही उड़ान संचालित की जा रही है। उन्होंने नागरिक उड्डयन सचिव से अनुरोध किया कि स्ट्रेचर मरीजों के लिए किफायती किराया सुनिश्चित किया जाए, पोर्ट ब्लेयर-चेन्नई मार्ग पर हवाई किराया कम किया जाए तथा चेन्नई-पोर्ट ब्लेयर सेक्टर में पर्याप्त उड़ान सेवाएं बहाल की जाएं, जिससे लाखों द्वीपवासियों और पर्यटकों को राहत मिल सके।

SCROLL FOR NEXT